महासमुंद/महासमुंद जिले में व्यक्तिगत वन अधिकार पट्टा प्राप्त किसानों को धान खरीदी के लिए किसान पंजीयन कराने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों का एग्रीटेक पोर्टल पर पंजीयन हो चुका है, इसके बावजूद धान खरीदी के लिए आवश्यक किसान पंजीयन नहीं हो पा रहा है। इससे वन अधिकार पट्टाधारी किसानों के सामने अपनी उपज समर्थन मूल्य पर बेचने को लेकर चिंता की स्थिति निर्मित हो गई है। इस गंभीर समस्या को लेकर भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अशवंत तुषार साहू ने किसानों के पक्ष में आवाज उठाते हुए कहा कि वन अधिकार पट्टा प्राप्त किसान भी मेहनत करके खेती करते हैं और उन्हें भी अपनी उपज समर्थन मूल्य पर बेचने का पूरा अधिकार मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब किसानों का एग्रीटेक पोर्टल पर पंजीयन हो चुका है, तो इसके बावजूद धान खरीदी के लिए पंजीयन नहीं हो पाना चिंता का विषय है। पोर्टल की तकनीकी या विभागीय प्रक्रिया में आ रही बाधाओं का खामियाजा किसानों को नहीं भुगतना पड़ना चाहिए। अशवंत तुषार साहू ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि एग्रीटेक पोर्टल और किसान पंजीयन पोर्टल के रिकॉर्ड का तत्काल मिलान कर समस्या का समाधान किया जाए तथा सभी पात्र वन अधिकार पट्टाधारी किसानों का धान खरीदी के लिए पंजीयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत और उनके अधिकारों का सम्मान होना चाहिए। किसी भी पात्र किसान को केवल तकनीकी या प्रशासनिक त्रुटि के कारण समर्थन मूल्य पर धान बेचने से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। प्रशासन इस विषय को गंभीरता से लेते हुए जल्द राहत प्रदान करे।

