भिलाई/छत्तीसगढ़ के पूर्व राज्यमंत्री बदरुद्दीन कुरैशी ने, गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं । दीपावली के अगले दिन मनाया जाने वाला गोवर्धन पूजा का पर्व भारतीय संस्कृति, आस्था और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों को मूसलाधार वर्षा और इंद्र के प्रकोप से बचाने के लिए गोवर्धन पर्वत को अपनी छोटी उंगली पर उठाकर सभी की रक्षा की थी। इसी परंपरा के तहत श्रद्धालु गोवर्धन पर्वत की पूजा-अर्चना करते हैं तथा अन्नकूट का भोग लगाते हैं। यह पर्व हमें प्रकृति, पर्यावरण, गौमाता और अन्न के महत्व को समझने तथा उनके संरक्षण का संदेश देता है। उन्होंने कामना की कि भगवान श्रीकृष्ण की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे। इसी प्रकार भाई दूज का पर्व भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास, स्नेह और पारिवारिक रिश्तों की मिठास का प्रतीक है। दीपावली के दो दिन बाद मनाए जाने वाले इस पर्व को यम द्वितीया के नाम से भी जाना जाता है। पौराणिक मान्यता के अनुसार, इस दिन यमराज अपनी बहन यमुना से मिलने पहुंचे थे, जिसके बाद से भाई दूज मनाने की परंपरा प्रचलित हुई। इस अवसर पर बहनें अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी आयु, उत्तम स्वास्थ्य और सुखमय जीवन की कामना करती हैं, वहीं भाई अपनी बहनों की रक्षा और सम्मान का संकल्प लेते हैं। ऐसे पर्व हमारी भारतीय संस्कृति, पारिवारिक एकता और आपसी सद्भाव को मजबूत करते हैं। उन्होंने समस्त देशवासियों को गोवर्धन पूजा एवं भाई दूज की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि ये पावन पर्व प्रत्येक परिवार में प्रेम, भाईचारा, खुशहाली और समृद्धि लेकर आएं।

