महासमुंद/कोमाखान/ग्राम झिटकी में रविवार देर रात घर में सो रहे एक ही परिवार के आठ लोगों पर तेंदुए ने हमला कर दिया। हमले में सभी घायल हो गए। घायलों को बागबाहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां वैक्सीन उपलब्ध नहीं होने की जानकारी के बाद उन्हें महासमुंद जिला अस्पताल रेफर किया गया।
घटना पर भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अशवंत तुषार साहू ने वन विभाग से तेंदुए को तत्काल सुरक्षित पकड़ने, झिटकी व आसपास के गांवों में गश्त बढ़ाने तथा तेंदुए की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने की मांग की है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से बागबाहरा सहित प्रभावित क्षेत्र के स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक वैक्सीन, दवाइयां और आपातकालीन उपचार की पर्याप्त व्यवस्था रखने की मांग की। साहू ने कहा कि ग्रामीणों की सुरक्षा के साथ घायलों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलना भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
