महासमुंद/शहर में लंबे समय से रुके सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ कराने और निर्माण में तेजी लाने की मांग को लेकर भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश कार्य समिति सदस्य अशवंत तुषार साहू, सामाजिक कार्यकर्ता एवं जनहित के मुद्दों को उठाने वाले युवा, ने कलेक्टर को पत्र सौंपा है। श्री साहू ने पत्र के माध्यम से कलेक्टर कार्यालय से बरोडा चौक तक तथा महासमुंद ओवरब्रिज, एकता चौक से कौनकेरा तक सड़क निर्माण कार्य को जल्द शुरू कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य रुकने के कारण आम नागरिकों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कलेक्टर से मांग की है कि संबंधित विभाग एवं निर्माण एजेंसी को आवश्यक निर्देश जारी कर रुके हुए निर्माण कार्य को तत्काल शुरू कराया जाए और कार्य में तेजी लाते हुए समय-सीमा के भीतर सड़क निर्माण पूरा कराया जाए। अशवंत तुषार साहू ने कहा कि सड़क निर्माण कार्य पूरा होने से शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार होगा और आम लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने निर्माण कार्य के दौरान यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था का भी विशेष ध्यान रखने की मांग की। श्री साहू ने जिला प्रशासन से जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर शीघ्र कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
