भिलाई/सुभाष नगर खुर्सीपार स्थित ओम शिव शक्ति विद्यालय में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रांगण में प्रातः 10:30 बजे मुख्य अतिथि समाजसेवी राम अवतार अग्रवाल तथा वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार शिवनाथ शुक्ल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी। ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थितजनों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का गायन किया। इस दौरान अतिथियों ने देश की आजादी एवं रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले अमर शहीदों के सम्मान में दीप प्रज्ज्वलित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार शिवनाथ शुक्ल ने अपने संक्षिप्त उद्बोधन में कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का दिन नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे शिक्षा, संस्कार एवं अनुशासन को अपने जीवन का आधार बनाकर देश और समाज की प्रगति में योगदान दें।समाज सेवी राम अवतार अग्रवाल ने कहा कि देश का भविष्य बच्चों और युवाओं के हाथों में है। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने, अपने माता-पिता एवं गुरुजनों का सम्मान करने तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया। विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती रमा मालवीय ने इस अवसर पर विद्यालय का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए विभिन्न गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। वहीं विद्यालय संचालक सुरेश कुमार मालवीय ने विद्यालय की प्रगति एवं विकास कार्यों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में संतोष मालवीय, डॉ. शिवशंकर मौर्य, रमाकांत मालवीय, लाल बिहारी प्रजापति, शंभु मालवीय, कमलेश मालवीय, रामपाल साहू, श्रीमती जानकी पटेल, कु. खुशी सिंह, कु. पूजा, श्रीमती किरण वर्मा, श्रीमती विनीता साहू एवं श्रीमती सोमा विश्वास सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में सराबोर रहा। उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को अपनाते हुए जिम्मेदार एवं कर्तव्यनिष्ठ नागरिक बनने का संदेश दिया।
