जगदलपुर/पूर्व जिला उपाध्यक्ष युवा कांग्रेस एवं आदिवासी नेता हेमंत कश्यप ने आज बस्तर संभाग के संभाग आयुक्त, कलेक्टर, संयुक्त संचालक (स्कूल शिक्षा विभाग) सहित संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार शिक्षकों के संलग्नीकरण को तत्काल समाप्त कर उन्हें उनके मूल पदस्थ विद्यालयों में भेजने की मांग की। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि संचालक, लोक शिक्षण संचालनालय, छत्तीसगढ़ द्वारा 25 जून 2026 को जारी आदेश के अनुसार शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार तथा एकल शिक्षक शालाओं में शिक्षकों की कमी दूर करने के उद्देश्य से शिक्षकों के संलग्नीकरण को समाप्त किए जाने के निर्देश जारी किए गए हैं। इसके बावजूद बस्तर जिले के अनेक विद्यालय आज भी केवल एक शिक्षक के भरोसे संचालित हो रहे हैं, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई और शिक्षा की गुणवत्ता गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है। हेमंत कश्यप ने कहा कि बस्तर जैसे आदिवासी बहुल क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना शासन एवं प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। वर्तमान में अनेक शिक्षक विभिन्न विभागों एवं कार्यालयों में गैर-शैक्षणिक कार्यों में संलग्न हैं। यदि ऐसे सभी शिक्षकों को उनके मूल विद्यालयों में वापस भेजा जाए, तो जिले की एकल शिक्षक शालाओं में शिक्षकों की कमी काफी हद तक दूर की जा सकती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि शासन के आदेश का तत्काल प्रभाव से पालन सुनिश्चित करते हुए सभी संलग्न शिक्षकों को उनके मूल पदस्थ विद्यालयों में भेजा जाए तथा रिक्त एवं एकल शिक्षक शालाओं में प्राथमिकता के आधार पर शिक्षकों की व्यवस्था की जाए, ताकि बस्तर के बच्चों का शैक्षणिक भविष्य सुरक्षित एवं उज्ज्वल बन सके। ज्ञापन प्राप्त करते हुए संबंधित अधिकारियों ने प्रकरण की जांच कर नियमानुसार उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।हेमंत कश्यप ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का संवैधानिक अधिकार है। बस्तर के आदिवासी एवं ग्रामीण अंचलों के विद्यार्थियों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का समान अवसर मिलना चाहिए। यदि इस दिशा में शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती है, तो जनहित में लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।ज्ञापन सौंपने के दौरान देवनाथ ठाकुर, अमृत बघेल, मन्नू बघेल, विजय भारती, कृपालु बघेल, रामदास, किशोर, जोगेंद्र, रामचंद्र, एकादशी, सुनील बिसाई एवं चंद्रेश सोनी सहित अन्य साथी उपस्थित रहे।
