भिलाई। भाजपा जिला प्रभारी रामजी भारती के निर्देश पर और जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन की अनुशंसा पर पूर्व खुर्सीपार मंडल अध्यक्ष अनिल सोनी को खुर्सीपार मंडल का सहप्रभारी नियुक्त किया गया है।
इस नियुक्ति पर भाजपा के समस्त कार्यकर्ताओं ने खुशी जताते हुए अनिल सोनी को बधाई दी है। कार्यकर्ताओं का मानना है कि अनिल सोनी के संगठनात्मक अनुभव और मेहनत के कारण मंडल को नई ऊर्जा मिलेगी और आगामी कार्यों को और बेहतर तरीके से संपन्न किया जा सकेगा।
जिला प्रभारी रामजी भारती ने इस फैसले के पीछे पार्टी को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर संगठन को सक्रिय रखने का उद्देश्य बताया। वहीं जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन ने अनिल सोनी के कार्यकर्ता स्वभाव और पिछले कार्यकाल में किए गए योगदान की सराहना की।
अनिल सोनी ने नियुक्ति पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे पार्टी के निर्देशों पर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे और खुर्सीपार मंडल को भाजपा का मजबूत गढ़ बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।