महासमुंद/महासमुंद विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सुकुलबाय में आयोजित पारंपरिक मातर महोत्सव के अवसर पर भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अशवंत तुषार साहू का ग्रामवासियों एवं आयोजन समिति द्वारा भव्य स्वागत एवं आत्मीय सम्मान किया गया। ग्रामवासियों के स्नेह, अपनापन और सम्मान से अभिभूत अशवंत तुषार साहू ने सभी का हृदय से आभार व्यक्त किया। मातर महोत्सव के अवसर पर गांव में उत्सव और उल्लास का माहौल देखने को मिला। छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता के प्रतीक इस पर्व में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। इस दौरान रात्रिकालीन आर्केस्ट्रा कार्यक्रम का भी भव्य आयोजन किया गया, जिसमें कलाकारों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। देर रात तक गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। इस अवसर पर अशवंत तुषार साहू ने कहा कि मातर महोत्सव हमारी छत्तीसगढ़ी संस्कृति, परंपरा, लोककला और सामाजिक भाईचारे का प्रतीक है। ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ-साथ गांवों में आपसी प्रेम, सद्भाव और एकता को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने ग्रामवासियों एवं आयोजन समिति द्वारा दिए गए सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता का स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद ही उन्हें निरंतर जनसेवा के लिए प्रेरित करता है। गांव, गरीब, किसान और आमजन के हित में सदैव समर्पित भाव से कार्य करना उनका संकल्प है। अशवंत तुषार साहू ने कहा कि उनका विश्वास कर्म में और संकल्प जनसेवा में है।

