दुर्ग/जिले में कक्षा पहली से 12वीं तक अध्ययनत् दिव्यांग छात्र-छात्राएं के लिए दिव्यांग छात्रवृत्ति योजना अंतर्गत राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल के माध्यम से छात्रवृत्ति के लिए 30 अक्टूबर तक ऑनलाईन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए विद्यार्थियों को सबसे पहले एनएसपी पोर्टल पर वन टाइम रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद अप्लाई फार स्कालरशिप विकल्प के माध्यम से लॉगिन कर आधार सत्यापन करना होगा तथा आवश्यक जानकारी भरकर आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करनी होगी। आवेदन के लिए मूल निवास प्रमाण-पत्र, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, नवीनतम आय प्रमाण पत्र एवं पिछले शैक्षणिक वर्ष की अंकसूची शामिल करना होगा। ऑनलाईन आवेदन पूर्ण होने के बाद आवेदन संबंधित विद्यालय की संस्था आईडी में प्राप्त होगा। विद्यालय के प्रधान पाठक अथवा प्राचार्य द्वारा आवेदन का सत्यापन कर उसे समाज कल्याण विभाग दुर्ग को भेजा जाएगा। इसके बाद विभाग द्वारा आवेदन राज्य स्तर पर अग्रेषित किये जाएंगे। निर्धारित प्रक्रिया पूर्ण होने पर छात्रवृत्ति की राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से पात्र दिव्यांग विद्यार्थियों के बैंक खाते में जमा की जाएगी। इसके लिए संबंधित विद्यालय अथवा शैक्षणिक संस्था का एनएसपी पोर्टल पर पंजीकृत होना आवश्यक है। समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक एपी. गौतम ने जिले के समस्त शासकीय व अशासकीय शैक्षणिक संस्थानों में अध्ययनरत् दिव्यांग छात्र-छात्राओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर स्वयं अथवा अपने विद्यालय की सहायता से ऑनलाईन आवेदन अवश्य करें, ताकि पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ मिल सके। छात्रवृत्ति आवेदन से संबंधित किसी भी समस्या अथवा जानकारी के लिए विद्यार्थी कार्यालय उपसंचालक समाज कल्याण विभाग, जिला पंचायत परिसर दुर्ग में उपस्थित होकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त आलोक सिंह, सहायक ग्रेड-03 मोबाईल नंबर 8827270454 से भी संपर्क कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
