भिलाई/नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा शहर में पेयजल व्यवस्था को और अधिक बेहतर एवं सुदृढ़ बनाने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 15वें वित्त मद से स्वीकृत 90.90 लाख रुपये की राशि से पाइपलाइन विस्तार कार्य का भूमिपूजन किया गया। पाइपलाइन विस्तार कार्य पूर्ण होने से संबंधित क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी तथा नागरिकों को सुचारु जलापूर्ति का लाभ प्राप्त होगा। निगम द्वारा आवश्यकता के अनुरूप पाइपलाइन विस्तार एवं जलापूर्ति से संबंधित अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए कार्य कराया जा रहा है। कार्य के भूमिपूजन अवसर पर महापौर नीरज पॉल, आयुक्त सुरुचि सिंह, उप नेता प्रतिपक्ष एवं स्थानीय पार्षद दया सिंह, महापौर परिषद सदस्य संदीप निरंकारी, जोन आयुक्त येशा लहरे, कार्यपालन अभियंता सुनील जैन, संजय वर्मा, सहायक अभियंता चंद्रकांत साहू, उप अभियंता आशीष भारती सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि स्वीकृत कार्य को निर्धारित मापदंडों एवं गुणवत्ता के अनुरूप पूर्ण कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि क्षेत्रवासियों को इसका स्थायी एवं प्रभावी लाभ मिल सके।
