भिलाई/प्राप्त जानकारीनुसार वार्ड 32, बैकुंठ नगर में गंदगी का आलम छाया हुआ है जगह – जगह नालियां कचरे से पटी पड़ी हैं,जाम है, भयंकर सड़ांध बदबू आ रही हैं जिसमें जीने को जनता मजबूर है और इसके लिए आमजनता वार्ड पार्षद एवं निगम प्रशासन को जिम्मेदार बता रही हैं। उक्त वार्ड में सफाई की व्यवस्था पूर्ण रूप से चरमराई हुई है हम बात कर रहे हैं अशोक किराना स्टोर्स के सामने तथा आसपास की। जहां पर निरंतर सफाई के अभाव में नालियां ऊपर तक भर गई है और उसमें दलदलरूपी मिट्टी सड जाने के कारण काली दिखलाई पड़ रही हैं उसमें कीड़े लग चुके हैं और भयानक दुर्गंध आ रही हैं जिसमें लोगों को जीवन जीना पड़ रहा हैं। यहां पर महीनों से सफाई न होने के कारण हद से ज्यादा मच्छर हो गए हैं जो कि रात के साथ-साथ दिन में भी जीना मुहाल कर रहे हैं जिसकी वजह से लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त हैं जिसको लेकर स्थानीय नागरिक बेहद गुस्से में नजर आ रहे हैं। दवाई छिड़काव हुए सालों बीत चुके है, दवाई का स्प्रे न होने के कारण मच्छर इत्यादि कीड़े-मकोड़ों का आतंक छाया हुआ है जिससे भी लोग परेशान हैं खासकर बच्चों को बड़ी तकलीफ का सामना करना पड़ रहा हैं। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि यहां पर पिछले कई महीनो से सफाई का इंतजाम ध्वस्त हो चुका हैं,वार्ड पार्षद और निगम कर्मचारियों को बार – बार शिकायत करने के बावजूद कोई ध्यान नहीं दे रहा हैं,निगम प्रशासन के द्वारा सफाई के नाम पर लाखों रुपए खर्च किए जाते हैं मगर जमीनी हकीकत कुछ और ही दिखलाई पड़ रही हैं। बरसात में नाली का गंदा पानी, गंदगी सड़क और घरों के सामने पड़े मिल जाएंगे जिसे खुद हमे साफ करना पड़ता हैं। केवल खानापूर्ति के लिए कभी कभार ही शिकायत पर सफाई की जाती हैं अन्यथा कोई झांकने नहीं आता है। स्थानीय पार्षद और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की कार्यशैली को लेकर आमजनता अत्यधिक आक्रोशित नजर आ रही हैं।
