भिलाई/छत्तीसगढ़ के पूर्व राज्यमंत्री बदरुद्दीन कुरैशी ने, छठ महापर्व के प्रथम दिवस नहाय-खाय के पावन अवसर पर समस्त देशवासियों, विशेषकर छठ व्रत करने वाले श्रद्धालुओं को हार्दिक शुभकामनाएं हैं। छठ पूजा भारत के प्राचीनतम और प्रमुख लोक आस्था के महापर्वों में से एक है। यह पर्व मुख्य रूप से भगवान सूर्यदेव और छठी मैया की उपासना को समर्पित है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सूर्यदेव को जीवन, ऊर्जा, स्वास्थ्य और समृद्धि का आधार माना जाता है। छठ पर्व की परंपरा प्राचीन काल से चली आ रही है। महाभारत काल में भी सूर्य उपासना का विशेष उल्लेख मिलता है। मान्यता है कि माता कुंती और दानवीर कर्ण सूर्यदेव के उपासक थे। यह महापर्व विशेष रूप से बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न राज्यों में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया जाता है। छठ पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं, बल्कि प्रकृति, स्वच्छता, अनुशासन, परिवार और सामाजिक एकता का भी प्रतीक है। छठ महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय से होती है, जो चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन एवं पवित्र व्रत का प्रथम दिन है। इस दिन व्रती स्नान करके घर और पूजा स्थल की साफ-सफाई करते हैं तथा सात्विक भोजन ग्रहण कर व्रत का संकल्प लेते हैं। परंपरागत रूप से इस दिन कद्दू-भात, चने की दाल और शुद्ध सात्विक भोजन बनाया जाता है। इसके बाद दूसरे दिन खरना, तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य और चौथे दिन उगते सूर्य को प्रातःकालीन अर्घ्य देकर छठ महापर्व का समापन किया जाता है। इस अवसर पर बदरुद्दीन कुरैशी ने कामना की कि भगवान सूर्यदेव और छठी मैया सभी देशवासियों के जीवन में सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य, खुशहाली एवं समृद्धि प्रदान करें। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व हमें प्रकृति के प्रति सम्मान, स्वच्छता, त्याग, तपस्या और लोककल्याण की भावना का संदेश देता है।

