भिलाई/प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के अंतर्गत लाभार्थी आधारित निर्माण ;बीएलसीद्ध घटक के तहत आबादी भूमि पर काबिज हितग्राहियों को योजना में शामिल करने की प्रक्रिया नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा पूर्ण कर ली गई है। इस संबंध में प्राप्त आवेदनों का परीक्षण करने तथा दावा-आपत्ति की कार्यवाही पूरी करने के पश्चात पात्र पाए गए 15 हितग्राहियों की अंतिम सूची तैयार कर प्रकाशित की गई है। शासन के निर्देशानुसार आबादी भूमि पर निवासरत ऐसे हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 का लाभ दिलाने के लिए निगम द्वारा संबंधित क्षेत्रों से प्राप्त आवेदनों की जांच की गई। आवेदन में प्रस्तुत दस्तावेजों एवं पात्रता संबंधी निर्धारित मापदंडों के आधार पर परीक्षण किया गया। इसके पश्चात दावा- आपत्ति आमंत्रित कर प्राप्त आपत्तियों का निराकरण किया गया। संपूर्ण प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद पात्र हितग्राहियों की अंतिम सूची जारी की गई है। जारी अंतिम सूची के अनुसार वार्ड क्रमांक 01 अंतर्गत जुनवानी खम्हरिया स्थित आबादी भूमि में निवासरत 8 हितग्राहियों को पात्र पाया गया है। इनमें प्रेम लाल महार, बुधु राम सोनवानी, नरेन्द्र कुमार देवांगन, शशि कुमार सेन, बल्लू बंजारे, ललिता साह, बुध राम सोनवानी एवं कन्हैया लाल निर्मलकर शामिल हैं।इसी प्रकार वार्ड क्रमांक 22 कुरूद स्थित आबादी भूमि में निवासरत 7 हितग्राहियों को पात्रता सूची में शामिल किया गया है। इनमें दुरपति साहू, कृष्णा देवांगन, रामकुंवर देवांगन, बालराम देवांगन, कांति बाई देवांगन, महेन्द्र कुमार साहू एवं कुंभकरण के नाम शामिल हैं। इस प्रकार दोनों वार्डों से कुल 15 हितग्राहियों का चयन किया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को आवास निर्माण के लिए शासन की निर्धारित गाइडलाइन एवं प्रावधानों के अनुसार लाभ प्रदान करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। योजना का उद्देश्य जरूरतमंद एवं पात्र परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने के साथ उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है।

