दुर्ग/दुर्ग के पहले मॉडल रजिस्ट्री ऑफिस में पंजीयन कार्य 10 अगस्त 2026 से प्रारंभ किया जाएगा। नगर पालिक निगम दुर्ग, भिलाई, रिसाली के समस्त वार्ड, नगर पंचायत उतई एवं तहसील दुर्ग के समस्त ग्रामों की अचल संपत्ति की रजिस्ट्री की जाएगी। आमजनों को स्मार्ट पंजीयन कार्यालय में दस्तावेजों के पंजीयन हेतु पूर्णतः कम्प्यूटरीकृत पंजीयन प्रक्रिया, ई-अपाइन्टमेंट प्रणाली, डिजिटल फोटोग्राफी एवं डिजिटल हस्ताक्षर की सुविधा, बायोमैट्रिक आधार आधारित पक्षकारो की पहचान की व्यवस्था, दस्तावेजों की उच्च गुणवत्ता वाली स्कैनिंग, सुरक्षित डिजिटल अभिलेखीकरण, पंजीकृत दस्तावेज की प्रति व्हाट्सएप में स्वतः प्रेषित होना, स्टाम्प ड्यूटी और पंजीयन शुल्क का यूपीआई, नेट बैंकिग या कार्ड से कैशलेस भुगतान, ऑटो-म्यूटेशन प्रणाली से क्रेता के नाम से राजस्व रिकार्ड स्वतः अद्यतन होना है।
जिला पंजीयक सुश्री प्रियंका श्रीरंगे ने बताया कि आधुनिक एवं सुव्यवस्थित कार्यालय में नागरिकों की सुविधा के लिये वातानुकुलित प्रतिक्षालय, सीसी टीवी निगरानी एवं पारदर्शी कार्यप्रणाली, फ्री वाई-फाई, हेल्पडेस्क, टोकन प्रणाली, स्वच्छ पेय जल, स्वच्छ शौचालय तथा दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाएँ उपलब्ध होगी। स्मार्ट पंजीयन कार्यालय के प्रारंभ होने से पंजीयन प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, समयबद्ध एवं सुविधा जनक होगी। आधुनिक तकनीक के उपयोग से अभिलेखों का सुरक्षित संरक्षण सुनिश्चित होगा तथा नागरिकों को अधिक गुणवत्तापूर्ण सेवाएँ प्राप्त होंगी। पंजीयन कार्यालय वर्तमान में अस्थाई रूप से उद्योग भवन मालवीय नगर चौक में संचालित हो रहा था, जो सोमवार, 10 अगस्त 2026 से विभागीय पंजीयन भवन तहसील कार्यालय दुर्ग के पीछे, दवे पेट्रोल पम्प के बगल में स्वयं के कार्यालय भवन में संचालित होगा।
