भिलाई/भिलाई निगम आयुक्त का निरीक्षण, विकास कार्यों में तेजी और अवैध निर्माण पर सख्ती के निर्देश,नगर पालिक निगम भिलाई के आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने जोन-03 मदर टेरेसा नगर क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण कर विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माणाधीन आकांक्षी शौचालय, सार्वजनिक शौचालय, पुल निर्माण तथा अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही अवैध निर्माण और सड़क पर निर्माण सामग्री रखकर आवागमन बाधित करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। आयुक्त ने पावर हाउस छावनी थाना के सामने स्थित लाल मैदान का निरीक्षण किया और आवश्यक सुझाव दिये। इसके बाद फल मंडी क्षेत्र में पूर्व से निर्मित शौचालय की स्थिति का जायजा लेते हुए साफ-सफाई बनाए रखने, नलों में टोटी लगाने तथा पानी की बर्बादी रोकने के निर्देश दिए। शौचालय परिसर के समीप नव निर्मित भवन का भी अवलोकन किया गया। निरीक्षण के दौरान जवाहर मार्केट में नागरिकों और व्यापारियों की सुविधा के लिए बनाए गए सामुदायिक शौचालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने कहा गया। वहीं टाटा लाइन रोड के समीप नाली पर निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण करते हुए कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिल सके।आयुक्त ने सड़क पर भवन निर्माण सामग्री रखकर यातायात बाधित करने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा। इसके अलावा वार्डों में नालियों के ऊपर स्लैब डालकर किए गए अतिक्रमण को गंभीरता से लेते हुए ऐसे सभी स्लैब हटाने और तोड़ने की कार्रवाई करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि नालियों पर स्लैब होने से सफाई कार्य प्रभावित होता है और जल निकासी व्यवस्था बाधित होती है। सूर्या नगर कैम्प-2 में निर्माणाधीन आधुनिक शौचालय तथा वार्ड-36 श्याम नगर स्थित महिला शौचालय का भी निरीक्षण किया गया।आयुक्त ने दोनों स्थलों पर कार्यों को शीघ्र पूरा करने और नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जोन आयुक्त कुलदीप गुप्ता, कार्यपालन अभियंता अनिल सिंह, सहायक अभियंता नितेश मेश्राम, उप अभियंता दीपक देवांगन, सहायक राजस्व अधिकारी बसंत देवांगन, पार्षद प्रतिनिधि त्रिलोचन, जोन स्वास्थ्य अधिकारी बीरेन्द्र बंजारे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
