दुर्ग/सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेक्टर सिकोला, परियोजना जामगांव-एम के आंगनबाड़ी केंद्र सिकोला पंचायत भवन में आंगन मिलन कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम सरपंच श्रीमती ज्ञानेश्वरी सफा तथा महिला मोर्चा से रानी बंछोर उपस्थित रहीं। इस अवसर पर पंचगण, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता- सहायिका, मितानिनें एवं क्षेत्र की अन्य महिलाएं शामिल हुईं। आंगन मिलन कार्यक्रम में व्यंजन प्रदर्शनी एवं पौष्टिक थाली प्रदर्शनी भी लगाई गई। प्रदर्शनी के माध्यम से संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व को बताया गया। महिलाओं को दैनिक भोजन में हरी सब्जियां, दालें, मौसमी फल तथा अन्य पोषक खाद्य पदार्थ शामिल करने के प्रति प्रेरित किया गया। साथ ही बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए उचित पोषण, नियमित देखभाल और स्वच्छता की आदतों को अपनाने पर जोर दिया गया।कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इससे बच्चों और महिलाओं में भागीदारी की भावना को बढ़ावा मिला। आयोजन के दौरान न्योता भोज का भी आयोजन किया गया, जिसमें सामुदायिक सहयोग और सहभागिता का संदेश दिया गया। इसके साथ ही कुर्सी दौड़, बच्चों की फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता तथा स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, मितानिनों एवं अन्य महिलाओं का सम्मान कर उनके योगदान की सराहना की गई।
